समाचार में जुलाई 2026

पंचायती राज प्रशासन को सुदृढ़ बनाने हेतु ओडिशा ने स्मार्ट डिजिटल सुशासन उपकरणों का शुभारंभ किया

  • – जयंत कुमार मिश्रा, ओडिशा
पंचायती राज प्रशासन को सशक्त बनाने हेतु ओडिशा ने शुरू किए स्मार्ट सुशासन उपकरण ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी, बलांगीर, ओडिशा में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस समारोह के दौरान ई-पंचायत सभा और पंचायती राज-समीक्षा का शुभारंभ करते हुए

लांगीर में 24 अप्रैल, 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर ओडिशा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के लिए दो अभिनव डिजिटल प्लेटफॉर्म, जिला परिषदों हेतु ई-पंचायत सभा तथा 'पंचायती राज-समीक्षा का शुभारंभ किया।

इन अनुप्रयोगों का उद्घाटन ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री श्री कनक वर्धन सिंह देव पंचायती राज, पेयजल एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री rबी नारायण नायक तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, संसदीय कार्य एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

एनआईसी ओडिशा राज्य केंद्र, भुवनेश्वर द्वारा विकसित ई-पंचायत सभा जिला परिषद की बैठकों के प्रबंधन को बैठक निर्धारण, कार्यसूची प्रबंधन, कार्यवाही के अभिलेखीकरण तथा कार्यवृत्त के प्रसार सहित संपूर्ण डिजिटल कार्यप्रवाह के माध्यम से सुव्यवस्थित बनाता है। यह मंच संचार, अभिलेख प्रबंधन तथा विकास कार्यक्रमों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाता है।

पंचायती राज-समीक्षा पंचायती राज संस्थाओं एवं विभागीय कार्यालयों की लेखा-परीक्षण प्रक्रिया का डिजिटलीकरण करते हुए लेखा-परीक्षण संबंधी टिप्पणियों, अनुपालन की स्थिति तथा प्रतिवेदनों के अंतिम रूप दिए जाने की प्रक्रिया की वास्तविक समय में निगरानी की सुविधा प्रदान करता है। यह अनुप्रयोग निधियों के उपयोग में पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन को भी प्रोत्साहित करता है।

इन अनुप्रयोगों का शुभारंभ ओडिशा में पंचायती राज संस्थाओं के डिजिटल सशक्तीकरण तथा पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित ग्रामीण सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।