पुरस्कार जुलाई 2026

निक्सी के 23वें स्थापना दिवस पर एनआईसी को कई सम्मान प्राप्त हुए

निक्सी के 23वें स्थापना दिवस पर एनआईसी को कई सम्मान प्राप्त हुए

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) को राष्ट्रीय इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (निक्सी) के 23वें स्थापना दिवस समारोह में भारत की डिजिटल अवसंरचना, इंटरनेट सुरक्षा तथा कंटेंट डिलीवरी पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ बनाने में उसके उल्लेखनीय योगदान के लिए अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

एनआईसी को "रजिस्ट्रार ऑफ द ईयर – हाईएस्ट डी.एन.एस.एस.ई.सी " पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान डोमेन नेम सिस्टम सिक्योरिटी एक्सटेंशन्स (डी.एन.एस.एस.ई.सी) के प्रभावी कार्यान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से इंटरनेट-आधारित सेवाओं की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए प्रदान किया गया। यह पुरस्कार एनआईसी की ओर से वेब प्रौद्योगिकी प्रभाग की श्रीमती सुनीता सिंह ने ग्रहण किया।

इसके अतिरिक्त, एनआईसी को "बेस्ट रिसोर्स मैनेज्ड अकाउंट अवॉर्ड" से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान बॉर्डर गेटवे प्रोटोकॉल (बीजीपी) रूटिंग में रिसोर्स पब्लिक की इन्फ्रास्ट्रक्चर (आर.पी.के .आई ) के सफल कार्यान्वयन के लिए प्रदान किया गया, जो इंटरनेट ट्रैफिक रूटिंग की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

एनआईसी को "इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर अवॉर्ड" भी प्रदान किया गया। यह सम्मान निक्सी को सर्वाधिक कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क (सीडीएन) ट्रैफिक उपलब्ध कराने के लिए दिया गया, जो देशभर में डिजिटल सेवाओं के कुशल एवं प्रभावी वितरण में एनआईसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। इन दोनों पुरस्कारों को एनआईसी की ओर से नेटवर्क्स प्रभाग के विभागाध्यक्ष श्री करुणाकर गुप्ता ने प्राप्त किया।

ये सम्मान उन्नत इंटरनेट प्रौद्योगिकियों को अपनाने, साइबर सुरक्षा को सशक्त बनाने तथा नागरिकों एवं सरकारी हितधारकों के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय और उच्च-प्रदर्शन वाली डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने के प्रति एनआईसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। साथ ही, ये उपलब्धियाँ भारत के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के निर्माण एवं प्रबंधन में एनआईसी की अग्रणी भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करती हैं।