डिजिटल से बुद्धिमत्तापूर्ण सुशासन की ओर

प्रौद्योगिकी ने वर्षों से सरकारों की कार्यक्षमता बढ़ाई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब उन्हें अधिक बुद्धिमत्ता के साथ कार्य करने में सक्षम बना रहा है।

पिछले एक दशक में भारत के उल्लेखनीय डिजिटल परिवर्तन ने सुशासन के अगले चरण की मजबूत नींव रखी है। सुदृढ़ डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तथा नागरिक-केंद्रित डिजिटल मंचों ने सरकारों द्वारा सेवाएँ प्रदान करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है, जिससे सेवा वितरण अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं प्रभावी बना है। जैसे-जैसे ये डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र परिपक्व हो रहे हैं और अधिक समृद्ध अंतर्दृष्टियाँ उपलब्ध करा रहे हैं, सुशासन केवल डिजिटल सेवा वितरण तक सीमित न रहकर अधिक बुद्धिमान, डेटा-संचालित एवं सक्रिय स्वरूप की ओर अग्रसर हो रहा है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इस परिवर्तन का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। इसकी सबसे बड़ी शक्ति मानवीय निर्णय क्षमता का स्थान लेना नहीं, बल्कि उसे और अधिक सक्षम बनाना है। डेटा का विश्लेषण करने, पैटर्न की पहचान करने, नियमित प्रक्रियाओं का स्वचालन करने तथा सूचित निर्णय लेने में सहायता प्रदान करने के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सरकारों को अधिक उत्तरदायी, प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाता है। साथ ही, यह सार्वजनिक संस्थाओं को अपने सबसे महत्वपूर्ण दायित्व—नागरिकों की सहानुभूति, जवाबदेही एवं विश्वास के साथ सेवा करने—पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाता है।

इस अंक में प्रकाशित लेख दर्शाते हैं कि यह परिवर्तन सुशासन के विभिन्न क्षेत्रों में किस प्रकार आकार ले रहा है। राजस्थान का पढ़ाई विद एआई यह प्रदर्शित करता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सरकारी विद्यालयों में शिक्षण को किस प्रकार व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप बना सकता है। वहीं, पंजाब का पेंशनर सेवा पोर्टल तथा एआई-संचालित पेंशन असिस्टेंट के लिए उसकी भावी रूपरेखा यह दर्शाती है कि बुद्धिमान प्रौद्योगिकियाँ किस प्रकार सार्वजनिक सेवा वितरण को सरल बना सकती हैं तथा पेंशनभोगियों के अनुभव को बेहतर कर सकती हैं। ये सभी पहलें इस तथ्य की पुष्टि करती हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब भविष्य की परिकल्पना मात्र नहीं, बल्कि ठोस सार्वजनिक मूल्य सृजित करने का एक व्यावहारिक माध्यम बन चुका है।

फिर भी, बुद्धिमान सुशासन केवल एल्गोरिद्म के आधार पर निर्मित नहीं किया जा सकता; इसकी नींव विश्वास पर आधारित होनी चाहिए। जैसे-जैसे सरकारें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा उन्नत डेटा एनालिटिक्स को अपना रही हैं, वैसे-वैसे साइबर सुरक्षा, डेटा के उत्तरदायी उपयोग, पारदर्शिता, गोपनीयता तथा नैतिक नवाचार को भी समान महत्व देना आवश्यक है। प्रत्येक सफल डिजिटल पहल का आधार नागरिकों का विश्वास है, जो यह सुनिश्चित करता है कि प्रौद्योगिकी प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित, निष्पक्ष एवं समावेशी तरीके से सेवा करे।

लगभग पाँच दशकों से राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सुरक्षित, स्केलेबल एवं इंटरऑपरेबल डिजिटल मंचों के विकास के माध्यम से भारत की डिजिटल सुशासन यात्रा का अग्रणी भागीदार रहा है। ये मंच शासन के प्रत्येक स्तर पर सरकारों को सशक्त बना रहे हैं। जैसे-जैसे उभरती प्रौद्योगिकियाँ सार्वजनिक प्रशासन का अभिन्न हिस्सा बनती जा रही हैं, एनआईसी डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने की अपनी भूमिका से आगे बढ़ते हुए ऐसे विश्वसनीय, एआई-सक्षम सुशासन पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है, जो संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ बनाता है तथा सार्वजनिक सेवा वितरण को और अधिक प्रभावी बनाता है।

सुशासन का भविष्य केवल इस बात से निर्धारित नहीं होगा कि हमारी प्रौद्योगिकियाँ कितनी बुद्धिमान बनती हैं, बल्कि इससे होगा कि हम उनका उपयोग कितनी दूरदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वास्तविक सफलता केवल उसकी संगणनात्मक क्षमता से नहीं, बल्कि उससे सृजित सार्वजनिक मूल्य से आँकी जाएगी, जो सुशासन को अधिक उत्तरदायी, समावेशी एवं मानवीय बनाता है। डिजिटल से बुद्धिमान सुशासन की यह यात्रा प्रारंभ हो चुकी है और इसे सदैव नवाचार, उत्तरदायित्व एवं जनविश्वास के सुदृढ़ आधार पर आगे बढ़ना चाहिए।

— प्रधान संपादक

Editorial Author
April Cover 2026